ग्रेटर नोएडा (संवाद)। सेक्टर बीटा-1 में रविवार को आरडब्ल्यूए की जनसुनवाई में अवैध पीजी और गेस्ट हाउस का मुद्दा उठा। निवासियों ने आरोप लगाया कि कई पीजी बिना उचित नियमों के संचालित हो रहे हैं। इनमें रहने वाले कुछ छात्र देर रात तक हुड़दंग करते हैं और शराब पीकर घूमते हैं। स्थानीय लोगों से अभद्र व्यवहार की शिकायतें भी सामने आई हैं। इससे सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष संगीता शर्मा और महासचिव हरेंद्र भाटी ने प्राधिकरण व पुलिस से जांच कर अवैध पीजी पर कार्रवाई की मांग की। कोषाध्यक्ष एडवोकेट विपिन भाटी ने बताया कि आरडब्ल्यूए हर रविवार जनसुनवाई कर समस्याएं संबंधित विभागों तक पहुंचाती है।