दनकौर (संवाद)। ऊंची दनकौर क्षेत्र के जंगल में एक बेसहारा गोवंश बारिश के कारण खेत में बने गहरे कटाव में गिर गया। सूचना मिलते ही स्थानीय गोरक्षक मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस की सहायता से जेसीबी मशीन मंगवाई गई और संयुक्त प्रयासों से गोवंश को सुरक्षित गड्ढे से बाहर निकाला गया। मौके पर ही प्राथमिक उपचार के बाद गोवंश को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। जहां उसका आगे का इलाज जारी है। गोरक्षक त्रिलोक गुर्जर ने बताया कि बारिश के मौसम में बेसहारा गोवंश चारे की तलाश में खेतों में चले जाते हैं। घास ऊंची होने के कारण कई बार गहरे गड्ढों या कुओं में गिर जाते हैं और समय पर जानकारी न मिलने पर उनकी मौत हो जाती है। इस दौरान सोनू नागर, आकाश, डॉ. हवा नागर, गुड्डू प्रधान, सोनू, संदीप, संजय मौजूद रहे।