दनकौर (संवाद)। पंजाब में बाढ़ से प्रभावित किसानों और मजदूरों की मदद के लिए भाकियू टिकैत के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को राहत सामग्री भेजी। चपरगढ़ गांव स्थित माता बलजौरी देवी टिकैत अन्नपूर्णा केंद्र से राहत सामग्री से भरा ट्रक केंद्रीय किसान भवन सिसौली के लिए रवाना किया गया है। संगठन के पश्चिमी यूपी अध्यक्ष पवन खटाना ने बताया कि यह राहत सामग्री किसानों की स्वेच्छा से एकत्र की गई है। राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के आह्वान पर राहत सामग्री जुटाई गई। संगठन का उद्देश्य है कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में खाद्य सामग्री की किल्लत को दूर करना है। इसमें जिलाध्यक्ष रोबिन नागर, लाला यादव, ललित चौहान आदि कार्यकर्ताओं ने योगदान दिया।