संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) ने अपनी दो प्रमुख मांगों 5-डे बैंकिंग और पेंशन अपडेशन को लेकर 28 से 30 सितंबर तक देशव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया है। हड़ताल से पहले केंद्र सरकार ने सितंबर का वेतन, मजदूरी और पेंशन 25 सितंबर को देने का निर्णय लिया है। यह व्यवस्था केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनरों के साथ रक्षा, डाक व दूरसंचार कर्मियों पर भी लागू होगी। सरकार ने ग्राहकों की सुविधा के लिए 27 सितंबर रविवार को सभी सार्वजनिक क्षेत्र और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों को सामान्य रूप से खोलने का निर्णय लिया है। आरबीआई ने भी शाखाओं, एटीएम-लिंक शाखाओं और करेंसी चेस्ट को इस दिन संचालित करने की मंजूरी दी है। वहीं हड़ताल से शाखा स्तर की बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की आशंका है। सरकार ने बैंकों से ग्राहकों को कम से कम असुविधा हो, इसके लिए आवश्यक तैयारियां करने को कहा है।