नोएडा कोतवाली फेज-3 क्षेत्र में एक युवक को हनी ट्रैप में फंसा कर 50 हजार रुपये की वसूली करने का मामला सामने आया है। आरोपी पीडि़त युवक की फोटो व वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रहे हैं और एक लाख रुपये और मांग रहे हैं। इस मामले में कोतवाली फेज थ्री पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है और मामले की जांच कर रही है।
कोतवाली फेज थ्री क्षेत्र में रहने वाले एक शख्स की एक महिला से मुलाकात कुछ दिन पहले हुई थी। दोनों के बीच काफी दिनों तक बातचीत चलती रही और आपस में दोनों मिलते रहे। आरोप है कि महिला ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर उसकी अश्लील फोटो और वीडियो बना ली हैं। आरोपी महिला सिलाई का काम करती है। इसके साथ ही लोगों को अपने प्रेम जाल में फंसा कर ठगी भी करती है। महिला के साथ तीन लोगों के शामिल होने की बात भी सामने आ रही है। एक आरोपी एनजीओ भी चलाता है।
एनजीओ चलाने वाला आरोपी खुद को महिलाओं की आवाज उठाने वाला बताता है। आरोपी वीडियो और फोटो को वायरल करने की धमकी देकर अब तक 50 हजार रुपये की वसूली भी कर चुके हैं। अब वे लोग एक लाख रुपए और की मांग कर रहे हैं। इस मामले में पीडि़त की शिकायत पर कोतवाली फेज थ्री पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है और मामले की जांच कर रही है।