कमरे के बाहर खेल रही मासूम से दुष्कर्म
- परिजनों ने आरोपी को पीटा, पुलिस के हवाले किया
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सलारपुर में एक मकान में कमरे के बाहर खेल रही छह साल की मासूम को युवक ने अपने कमरे में ले जाकर दुष्कर्म किया। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर मौके पर आए परिजनों ने युवक को पकड़ कर पिटाई कर दी। इसके बाद उसे पुलिस को हवाले कर दिया। आरोपी पर केस दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।
मासूम के पिता ने बताया कि वह सलारपुर में पत्नी और छह साल की बेटी सहित एक मकान में किराए के कमरे में रहते हैं। मंगलवार दोपहर तीन बजे वह और उनकी पत्नी कमरे में सो रहे थे। वहीं उनकी बेटी कमरे के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान मकान के दूसरे कमरे में किराए पर रहने वाला फर्रुखाबाद निवासी सौरभ बच्ची को अपने कमरे ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर वह मौके पर पहुंचे तो आरोपी वहां से भागने लगा। जिसके बाद उसे लोगों की मदद से पकड़ कर पीट दिया। आरोपी एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। घटना के बाद से बच्ची सदमे में है और किसी भी अजनबी को देखकर चीख रही है। मामले में एसीपी रजनीश वर्मा ने बताया कि आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है। उसके खिलाफ पॉक्सो समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है।