रबूपुरा (संवाद)।
कस्बे की अनाज मंडी स्थित राम उत्सव परिसर में इस बार भी ऐतिहासिक रामलीला का मंचन 11 से 21 अक्टूबर तक किया जाएगा। रबूपुरा में पिछले 100 से अधिक वर्षों से रामलीला मंचन की समृद्ध परंपरा चली आ रही है। पहले इस रामलीला का मंचन स्थानीय कलाकारों की ओर से कस्बा निवासी निर्देशक रूपलाल कौशिक और किशन लाल पाराशर के मार्गदर्शन में किया जाता था लेकिन बीते करीब 10 वर्षों से यहां वृंदावन, बरेली और मुरादाबाद की प्रसिद्ध नाट्य मंडलियों की ओर से प्रस्तुति दी जा रही है। इस वर्ष वृंदावन के कलाकार शिवम पाठक और मनोज पाठक के निर्देशन में मंचन करेंगे। रामलीला कमेटी के संयोजक पूर्व चेयरमैन वीरेंद्र प्रताप सिंह, प्रधान विजय तायल, महामंत्री रोहित सिंघल और कोषाध्यक्ष सुधीर गोयल ने बताया कि आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी की जा रही हैं। मंच संचालन की जिम्मेदारी रूपलाल कौशिक और किशन लाल पाराशर निभाएंगे।