बिसरख से इको विलेज-1 की सर्विस लेन पर ये ऊँचे और क्षतिग्रस्त ड्रेन।स्रोत सोशल मीडिया
फोटो-
- सुपरटेक इकोविलेज-1 की सर्विस रोड पर क्षतिग्रस्त और ऊंचे चैंबर से परेशानी, निवासियों ने प्राधिकरण से मरम्मत की मांग उठाई
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट में सुपरटेक इकोविलेज-1 को जोड़ने वाली सर्विस रोड पर नाले के क्षतिग्रस्त और ऊंचे चैंबर वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। सड़क के बीच बने ये चैंबर हादसों को न्योता दे रहे हैं। खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए इनसे बचकर निकलना चुनौतीपूर्ण है। रात के समय और तेज रफ्तार में चैंबर दिखाई नहीं देने से दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। सुपरटेक इकोविलेज-1 निवासी समीर भारद्वाज ने सोशल मीडिया के माध्यम से इस समस्या को उठाते हुए प्राधिकरण से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क पर खतरा साफ दिखाई दे रहा है और रोजाना सैकड़ों वाहन यहां से गुजरते हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी चैंबरों को दुरुस्त नहीं करा रहे हैं। निवासियों का कहना है कि शिकायत को संबंधित विभाग तक भेजने भर से समस्या का समाधान नहीं होगा। अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेना चाहिए और क्षतिग्रस्त चैंबरों की मरम्मत करानी चाहिए। लोगों ने मांग की है कि सड़क की खामियों को जल्द ठीक किया जाए, ताकि वाहन चालकों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके और किसी बड़े हादसे की आशंका न रहे। ब्यूरो