बिलासपुर (संवाद)। कस्बा स्थित प्रेमवती कुंजीलाल जैन सरस्वती विद्यालय में बुधवार को जिला रेड क्रॉस सोसाइटी के सहयोग से जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें मैजिक शो के जरिए विद्यार्थियों को अंधविश्वास के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें बताया गया कि जादू किसी चमत्कार या अलौकिक शक्ति का परिणाम नहीं,बल्कि हाथ की सफाई, अभ्यास, कौशल एवं वैज्ञानिक सिद्धांतों पर आधारित कला है। उन्होंने बच्चों को संदेश दिया कि किसी भी प्रकार के अंधविश्वास पर विश्वास करने के बजाय प्रत्येक बात को तर्क और विज्ञान की कसौटी पर परखना चाहिए। इस दौरान प्रधानाचार्य संजय कुमार गुप्ता, राजीव शर्मा, राजीव कुमार, विकास कुमार, कोमल शर्मा समेत विभिन्न शिक्षक व विद्यार्थी मौजूद रहे।