दादरी क्षेत्र के कचेड़ा वारसाबाद गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में कचेड़ा वारसाबाद कबड्डी टूर्ना
ग्रेटर नोएडा (संवाद)। दादरी के कचेड़ा वारसाबाद गांव में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के कबड्डी टूर्नामेंट में शनिवार को बारिश ने खलल डाल दिया। आउटडोर मैदान में पानी भरने और फिसलन बढ़ने के कारण खिलाड़ियों की सुरक्षा को देखते हुए आयोजकों ने सभी मुकाबले इंडोर परिसर में स्थानांतरित कर दिए। आयोजनकर्ता सुमित नागर ने बताया कि बिहार, राजस्थान, हरियाणा, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, झारखंड, दिल्ली और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों की 40 से 50 टीमों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। अचानक स्थान बदलने से बैठने, वार्म-अप और अन्य व्यवस्थाओं में बदलाव करना पड़ा, लेकिन आयोजन समिति ने सभी मुकाबले सुचारु रूप से कराए। बारिश के बावजूद खिलाड़ियों का उत्साह बना रहा और इंडोर में रोमांचक मुकाबले खेले गए। देर से शुरू हुई प्रतियोगिता के शेष मैच रविवार सुबह तक संपन्न कराए जाएंगे।