आगरा-अलीगढ़ हाइवे पर तेज रफ्तार स्कूटी और साइकिल की टक्कर में स्कूटी सवार रेलकर्मी विनोद (40) की मौत हो गई। साइकिल सवार वृद्ध घायल हो गया।
मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से घायल हालत में दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सक ने स्कूटी सवार विनोद को मृत घोषित कर दिया। रेलवे कर्मचारी विनोद निवासी टूंडला अलीगढ़ जिले में मडराक रेलवे स्टेशन पर नौकरी करते थे। वह अपनी स्कूटी से ड्यूटी करने के बाद वापस घर लौट रहे थे। रास्ते में गांव केवल गढ़ी के पास उनकी स्कूटी की भिड़ंत साइकिल सवार वृद्ध से हो गई। साइकिल सवार वृद्ध कन्हैया लाल निवासी अन्निगढ़ी गंभीर रूप से घायल हो गए। चंदपा थाने के एसएचओ मनोज कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।