रबूपुरा (संवाद)। नवरात्र को लेकर कस्बे के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। दुकानदारों ने पूजा सामग्री, माता की चुनरी, पोशाक, मुकुट, माला, मूर्तियों और तस्वीरों समेत अन्य सामान से दुकानें सजानी शुरू कर दी हैं। श्रद्धालु भी व्रत और पूजा-अर्चना की तैयारियों को लेकर खरीदारी कर रहे हैं। दुकानदार वीरेंद्र गर्ग, महेश शर्मा और हिमांशु मित्तल ने बताया कि नवरात्र को लेकर बाजार में खरीदारी बढ़ी है। व्रत रखने वाले लोग घरों में पूजा स्थल को सजाने की तैयारी में जुटे हैं। रबूपुरा-रुस्तमपुर मार्ग स्थित प्राचीन जौनमाना चामुंडा मंदिर और कस्बे के देवी मंदिर में भी नवरात्र को लेकर सजावट की तैयारी शुरू हो गई है। मंदिरों में नवरात्र के दौरान विशेष आयोजन होंगे। माता की मूर्ति और दरबार को उनके स्वरूप के अनुसार सजाया जाएगा तथा प्रतिदिन अलग-अलग प्रसाद का भोग लगाया जाएगा।