बीटेक कंप्यूटर साइंस में दो बार पूछा गया एक ही सवाल
नोएडा। एकेटीयू की मंगलवार से अंतिम साल और सेमेस्टर की परीक्षाएं शुरू हो गई हैं। पहले दिन बीटेक के कंप्यूटर साइंस, मैकेनिकल, इलेक्ट्रॉनिक व अन्य के पेपर हुए। विद्यार्थी मास्क और सैनिटाइजर लेकर केंद्र पहुंचे थे। थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही छात्रों को प्रवेश दिया गया। सेक्टर-62 स्थित जेएसएस कॉलेज को नोडल सेंटर बनाया गया था। वहीं, जिले में 26 केंद्रों पर परीक्षाएं हुईं। इस बार बहुविकल्पीय (एमसीक्यू) सवाल पूछे गए थे। जेएसएस कॉलेज से परीक्षा देकर बाहर निकल रहे छात्रों ने बताया कि कंप्यूटर साइंस में एक सवाल दो बार पूछा गया था। हालांकि पेपर सामान्य था। वहीं, इस मामले में यूनिवर्सिटी के प्रवक्ता आशीष मिश्र ने बताया कि अभी तक सवाल दोहराने की जानकारी नहीं मिली है। अगर एक सवाल दो बार पूछा भी गया है तो इससे छात्रों के नंबरों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। जेएसएस कॉलेज के डॉ. योगेंद्र सिंह ने बताया कि प्रथम दिन 1053 छात्रों को परीक्षा देनी थी, जिसमें से 1049 उपस्थित हुए।
सेंटर में सैनिटाइजेशन की पूरी व्यवस्था थी। सभी छात्र मास्क पहनकर आए थे। सामाजिक दूरी का ध्यान रखकर छात्रों को बैठाया गया था।
अलंकृत
एक दो सवालों में 5 विकल्प दिए गए थे। वहीं, एक सवाल दोबारा भी पूछा गया था। ओवरऑल पेपर ठीक था। सेंटर में भी सैनिटाइजेशन का ध्यान रखा गया था।
- सौरभ
प्रश्नपत्र अच्छा आया था। बस एक सवाल दो बार पूछा गया था। सेंटर में सभी मास्क पहनकर आए थे और सोशल डिस्टेंसिंग का भी ध्यान रखा गया था।
-अर्चित