नई दिल्ली। लोक समाज पार्टी ने रविवार को जंतर-मंतर पर नए श्रम कानूनों समेत अन्य मांगों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नए श्रम कानून, बेरोजगारी, निजीकरण, ठेकेदारी और बढ़ती महंगाई के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष वकील गौरी शंकर शर्मा ने बताया कि देश मौजूदा समय में भी ब्रिटिश काल की तरह चल रहा है। नौकरियों पर ठेकेदारों का कब्जा है। देश में लोकतंत्र और निजीकरण साथ में नहीं चल सकता। ऐसे में उन्होंने बताया कि पार्टी नए श्रम कानूनों के खिलाफ 14 दिसंबर को पूर्वी दिल्ली में पदयात्रा करेगी। प्रदर्शनकारियों ने इस दौरान सरकार के सामने कुछ मांगें रखीं। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि रोजगार दफ्तरों को फिर से खोला जाए, ठेकेदारी प्रथा खत्म हो, सभी सरकारी ठेकेदारों की जांच हो, सभी सरकारी संस्थानों, अस्पतालों, भवनों, कार्यालयों व स्कूलों में काम करने वाले संविदा कर्मचारियों को स्थायी किया जाए, सरकारी दफ्तरों में खाली पदों पर भर्ती की जाए और न्यूनतम मजदूरी न देने वाले संस्थानों पर सख्ती से कार्रवाई की जाए।