अनिल दुजाना गिरोह के सात बदमाशों की 20 करोड़ की संपत्ति होगी कुर्क
- गैंगस्टर के एनकाउंटर में मारे जाने के बाद अमर उजाला ने प्रकाशित किया था समाचार
- रणदीप भाटी के भांजे अमित कसाना की भी 17 करोड़ की संपत्ति भी होगी कुर्क
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट पुलिस आयुक्त न्यायालय ने अनिल दुजाना गिरोह के सात बदमाशों की 20 करोड़ से अधिक की की संपत्ति कुर्क करने का आदेश दिया है। चार मई को अनिल दुजाना के एनकाउंट में मारे जाने के बाद अमर उजाला ने चार और छह मई को 40 मोबाइल से खुलेगा राज, 150 करोड़ की संपत्ति का पता लगाएगी पुलिस और नौ मई को 40 माह में अनिल दुजाना की संपत्ति नहीं ढूंढ पाई पुलिस शीर्षक समाचार प्रकाशित किया था। इसके बाद पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के सख्त आदेश के बाद ही पुलिस टीम अनिल दुजाना गिरोह की संपत्ति चिह्नित करने में जुट गई थी।
30 दिसंबर 2019 को तत्कालीन एसएसपी वैभव कृष्ण के निर्देश पर बादलपुर कोतवाली में गैंगस्टर एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था। इस केस में गिरोह के 33 बदमाशों को नामजद किया गया था। पुलिस को जांच में पता चला था कि हरियाणा निवासी अनिल राणा अनिल दुजाना की संपत्ति की देखभाल करता है। पुलिस ने अनिल राणा का नाम केस में शामिल कर लिया था। लेकिन गिरोह के अन्य बदमाशों की तरह अनिल राणा की भी कोई संपत्ति कुर्क नहीं कर पाई थी।
अनिल दुजाना के एनकाउंटर के बाद सबसे पहले बंबाबड़ गांव के प्रधान चंद्रपाल का डेढ़ करोड़ का फार्म हाउस चिह्नित कर कुर्क किया गया था। अब दिल्ली तिहाड़ जेल में बंद रणदीप भाटी के भांजे अमित कसाना के गाजियाबाद के रिस्तल व फर्रुखनगर स्थित घर, अस्तलतपुर में अमित कसाना का 18 हजार वर्गमीटर में बने दो मंजिला मकान कुर्क करने के आदेश दिए गए हैं। दो मंजिले मकान में 25 दुकानें हैं। मकान की कीमत करीब 14 करोड़ बताई गई है। वहीं रिस्तल में 450 वर्गमीटर में बने मकान को जब्त किया जाएगा। जिसकी कीमत तीन करोड़ से अधिक है। वहीं मोहित गोयल की तीस लाख, अनिल राणा की 81 लाख, दीपक कुमार की 51 लाख, वसीम की 27 लाख, आबिद उर्फ बिल्लौरी की 43 लाख, उमेश गुप्ता की 90 लाख की संपत्ति कुर्क की जाएगी। पुलिस ने पिछले माह रणदीप भाटी के रिठौरी गांव स्थित मकान को भी जब्त किया है। इसके अलावा पुलिस आयुक्त न्यायालय ने बदमाशों को जिले की सीमा से छह महीने तक के लिए जिला बदर किया है। जिला बदर किए गए आरोपियों में नोएडा सदरपुर के नवीन विश्वास, बिसाहड़ा के हरिओम, सलेमपुर गुर्जर के राहुल, जारचा का राहुल, बिलासपुर का हासिम, सीदीपुर का प्रताप, दादरी के राजेश, दनकौर के योगेश, छपरौला के अभिषेक शामिल हैं।