12वीं में प्रिया और 10वीं में इकरा ने जिले में किया टॉप
- प्रिया को 92.40 प्रतिशत और इकरा को मिले 96.17 प्रतिशत अंक
- इंटर में प्रिया शर्मा दूसरे व अमन कुमार तीसरे और हाईस्कूल में आशी व रिया कुमारी दूसरे व अयान तीसरे स्थान पर रहे
- हाईस्कूल का परीक्षा परिणाम 93.03 प्रतिशत और इंटरमीडिएट का परीक्षा परिणाम 82.41 प्रतिशत रहा
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने मंगलवार को हाईस्कूल और इंटरमीडिएट का परीक्षा परिणाम जारी कर दिया। गौतमबुद्ध नगर में हाईस्कूल के 93.03 प्रतिशत और इंटरमीडिएट के 82.41 प्रतिशत विद्यार्थियों को सफलता मिली है। 12वीं में दादरी के वैदिक कन्या इंटर कॉलेज की छात्रा प्रिया ने 92.40 प्रतिशत अंकों के साथ टॉप किया है। प्रिया को 500 में से 462 अंक मिले हैं। वहीं, 10वीं में नोएडा के बीआर पब्लिक इंटर कॉलेज की छात्रा इकरा 96.17 प्रतिशत अंकों के साथ अव्वल रही है। इकरा ने 600 में से 577 अंक हासिल हुए।
जिला विद्यालय निरीक्षक डाॅ. धर्मवीर सिंह ने बताया कि हाईस्कूल में 22,433 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था। इनमें से 21,227 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी। अब 18,748 परीक्षार्थियों ने परीक्षा पास की है, जो 93.03 प्रतिशत है। 10वीं में जिले में इकरा ने 96.17 प्रतिशत अंकों के साथ टॉप किया है। दूसरे नंबर पर दनकौर के एसडीएस इंटर कॉलेज नवादा की छात्रा आशी और बीआर पब्लिक इंटर कॉलेज पृथला खंजरपुर की रिया कुमारी रही हैं। आशी और रिया को 95.33 प्रतिशत अंक मिले हैं। राजकीय हाईस्कूल शादीपुर छिडौली के अयान ने 94.83 अंकों के साथ जिले में तीसरा स्थान हासिल किया है।
डीआईओएस ने बताया कि इंटरमीडिएट में 19538 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जबकि 18336 परीक्षा दी थी। इनमें से 82.41 प्रतिशत परीक्षार्थियों ने परीक्षा उत्तीर्ण की है, जो 15,115 परीक्षार्थी है। दादरी के वैदिक कन्या इंटर कॉलेज की छात्रा प्रिया ने 92.40 प्रतिशत अंकों के साथ जिले में पहला स्थान हासिल किया है। मिहिर भोज बालिका इंटर कॉलेज दादरी की छात्रा प्रिया शर्मा ने 92.20 प्रतिशत अंक के साथ दूसरा और एसजी पब्लिक इंटर कॉलेज डेरी मच्छा के छात्र अमन कुमार ने 91.40 अंक के साथ जिले में तीसरा स्थान हासिल किया है।
-
हाईस्कूल में पहले से सातवें स्थान पर पहुंचा जिला
पिछले साल हाईस्कूल के परीक्षा परिणाम में गौतमबुद्ध नगर ने प्रदेश स्तर पर पहला स्थान हासिल किया था। तब परीक्षा परिणाम 95.58 प्रतिशत रहा था, लेकिन इस बार जिले को प्रदेश स्तर पर सातवें स्थान पर रहा है। हालांकि इंटरमीडिएट के परीक्षा परिणाम में जिले की रैंकिंग में सुधार हुआ है। पिछले साल प्रदेश स्तर पर जिले को 37वां स्थान मिला था। जबकि इस बार जिला सातवें स्थान पर रहा है।