प्रधानमंत्री किसानों के खाते में डालेंगे दिसंबर से मार्च तक की राशि
नूंह। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 दिसंबर को सुशासन दिवस पर किसान सम्मान निधि की 2 हजार रुपए की किस्त किसानों के खाते में डालेंगे। इस कार्यक्रम का राष्ट्रीय टीवी चैनल पर दोपहर 12 बजे सीधा प्रसारण किया जाएगा। उपायुक्त धीरेंद्र खडग़टा ने इस बात की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सुशासन दिवस पर किसान सम्मान निधि की इस अवधि की किस्त किसानों के खाते में डालेंगे। इसके लिए सभी ग्राम पंचायतों को इस कार्यक्रम को टीवी अथवा एलईडी के माध्यम से किसानों को दिखाने के निर्देश दिए गए हैं। यह किस्त दिसंबर 2020 से मार्च 2021 की होगी, जिसका वे आभासी ( वर्चुअल) माध्यम से किसानों को खाते में डालेंगे। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री देश के 9 करोड़ किसानों के खाते में 18 हजार करोड़ रुपए की राशि डालेंगे। अब तक 90 हजार करोड़ से अधिक की राशि इस योजना के तहत किसानों के खाते में डाली जा चुकी है। हरियाणा के 18 लाख किसानों को इसका लाभ मिलेगा और राज्य के किसानों के खाते में 360 करोड़ रुपए की राशि डाली जाएगी। कृषि विभाग के क्वालिटी कंट्रोल इंस्पेक्टर डा. अजय तोमर ने बताया कि जिले में लगभग 55 किसानों को इस योजना का लाभ मिल रहा है।