ग्रेटर नोएडा (संवाद)। दादरी स्थित कचेड़ा वारसाबाद गांव में एक दिवसीय ग्रामीण कबड्डी लीग का आयोजन किया गया। इसमें प्रवीण टीम ने सुमित टीम को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया। प्रतियोगिता में गांव से पांच टीमें शामिल हुईं। कोच सुमित नागर ने बताया कि प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए गांव में ही सुमित, राहुल, रणपाल, प्रवीण, सोनू आदि पांच टीम का बनाई गई। पहला सेमीफाइनल सुमित और सोनू टीम के बीच हुआ। सुमित ने सोनू टीम को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में प्रवीण ने राहुल टीम को हराकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल में भी प्रवीण टीम ने सुमित टीम को 17-12 अंक से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। टूर्नामेंट में बेस्ट रेडर खिताब संदीप और बेस्ट डिफेंडर सूरज को दिया गया। गाजियाबाद कबड्डी एसोसिएशन के सचिव आनंद नागर, मनोज नागर, मास्टर आशीष, सतपाल नागर आदि ने विजेता टीम को पुरस्कार व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।