जहांगीरपुर (संवाद)। जहांगीरपुर-मांचड़ रोड पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। जर्जर सड़क से दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक दिक्कत है। स्थानीय लोगों के अनुसार कई बाइक सवार गड्ढों में गिरकर चोटिल हो चुके हैं और कुछ वाहन पलटने की घटनाएं भी हुई हैं। स्थानीय निवासी नितिन शर्मा ने बताया कि गड्ढों और बारिश के बाद सड़क पर जलभराव की समस्या को काफी समय से सोशल मीडिया के माध्यम से उठाया जा रहा है। संबंधित अधिकारियों को भी इसकी जानकारी है, लेकिन अभी तक सड़क की स्थायी मरम्मत नहीं कराई गई है। लोगों ने विभाग से सड़क का निरीक्षण कर गड्ढे भरने और जल्द स्थायी मरम्मत कराने की मांग की है।