पासपोर्ट विभाग में तैनात है आरोपी सहारनपुर निवासी कर्मचारी अंकुश सैनी
जल्द पासपोर्ट मंगवाने के नाम पर पांच हजार रुपये की रिश्वत लेने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। शिव चौक के पास स्थित डाकघर में तैनात डाक सहायक को भ्रष्टाचार के आरोप में पकड़ा गया। सीबीआई की टीम डाकघर पहुंची और पूछताछ के बाद पासपोर्ट विभाग में तैनात कर्मचारी अंकुश सैनी को अपने साथ गाजियाबाद ले गए। उधर, अंकुश के पकड़े जाने के बाद डाक घर में तैनात सभी कर्मचारी चुप्पी साधे हुए हैं।
शिव चौक के पास शहर का सबसे पुराना डाकघर हैं। यहां पर पासपोर्ट विभाग में पिछले चार साल से सहारनपुर निवासी अंकुश सैनी तैनात हैं। आरोप है कि उसने अपने परिचित फरहान के साथ मिलकर एक व्यक्ति से जल्द पासपोर्ट मंगवाने के नाम पर पांच हजार रुपये की मांग की थी। इसकी शिकायत पासपोर्ट आवेदनकर्ता ने गाजियाबाद सीबीआई कार्यालय में की।
सीबीआई टीम ने आरोप की शहर में पहुंच कर अपने स्तर से जांच पड़ताल की। सीबीआई ने तभी आरोपी अंकुश सैनी को हिरासत में लिया और अपने साथ ले गई।
डाकघर प्रभारी को नहीं जानकारी
डाकघर प्रभारी अनिल कुमार गर्ग का कहना है कि टीम ने खुद को सीबीआई से बताया था। टीम पूछताछ करने के बाद अपने साथ ले गई थी। अंकुश के साथ दूसरा आरोपी फरहान कौन है, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। वह अंकुश के पास गाजियाबाद से आता था। किस मामले में गिरफ्तारी हुई है, उन्हें यह भी जानकारी नहीं है।