डीजे बंद कराने पहुंचे पुलिसकर्मियों से मारपीट
ग्रेटर मोएडा। बीटा-2 थाना क्षेत्र के अल्फा-2 सेक्टर में बुधवार देररात एक पार्टी में तेज आवाज में डीजे चलने की सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मियों से अभद्रता और मारपीट की गई। आरोप है कि आरोपी नशे में धुत था और मारपीट कर मौके से भाग निकला। एक दरोगा ने बीटा-2 थाने में आरोपी को नामजद कर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस आरोपी को तलाश रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, बुधवार देररात करीब तीन बजे पुलिस को सूचना मिली कि अल्फा-2 स्थित एक मकान में पार्टी चल रही है और तेज आवाज में डीजे चलाया जा रहा है। इससे आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी हो रही है। पीआरवी पर तैनात दरोगा रामकुमार, कांस्टेबल विक्रांत और चालक विपिन मौके पर पहुंचे। आरोप है कि पार्टी में कुछ युवकों ने शराब पी हुई थी। इनमें से एक अमित नागर ने पुलिसकर्मियों से अभद्रता की। पुलिसकर्मियों ने विरोध किया तो आरोपी मारपीट कर भाग निकला। सूचना पर थाने से अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और आरोपी को तलाश किया लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। सीओ ग्रेटर नोएडा प्रथम तनु उपाध्याय ने बताया कि मामले में सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों से मारपीट में केस दर्ज किया गया है। जल्द आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।