तावडू। पुलिस ने दो तस्करों को 1 किलो 100 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। साथ ही दोनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सदर थाना प्रभारी बलदेव सिंह ने बताया कि पुलिस अपराध की रोकथाम के लिए तावडू-सोहना रोड पर नाइट डोमिनेशन अभियान के दौरान गश्त पर थी, जब पुलिस शिकारपुर मोड़ के करीब पहुंची तो दो तस्कर बाइक पर आए और पुलिस की गाड़ी को देखकर भागने लगे, लेकिन उनकी बाइक फिसलकर वहां गिर गई। पुलिस ने शक होने पर दोनों युवकों को काबू किया। सूचना तहसीलदार तावडू को दी गई। बैग की तलाशी लेने पर गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी आकिब निवासी गांव चीला और नाजिम निवासी गांव शिकारपुर के खिलाफ केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।