ग्रेटर नोएडा(संवाद)। ग्रेनो वेस्ट सेक्टर-2 में इरोस संपूर्णम सोसाइटी के सामने बनी नई सड़क सुरक्षा के लिहाज से खतरा बन गई है। सड़क निर्माण के दौरान बीचों-बीच बिजली के खंभे छोड़ दिए गए हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि एक स्थान पर खंभा सड़क के बिल्कुल बीच में है, जबकि दूसरी जगह दो खंभों के बीच से सड़क निकाली गई है। इससे वाहन चालकों और पैदल राहगीरों दोनों के लिए जोखिम बना हुआ है। गौतम बुद्ध नगर विकास समिति की अध्यक्ष रश्मि पांडेय ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए कहा कि बिना उचित जांच के इस कार्य को मंजूरी देना चिंताजनक है। वहीं उपाध्यक्ष हिमांशु राजपूत ने कहा कि यह मार्ग भविष्य में प्रमुख रास्ता बनेगा, ऐसे में कोहरे के दौरान हादसों का खतरा और बढ़ जाएगा। समिति ने मांग की है कि खंभों को जल्द सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जाए, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।