फरीदाबाद। प्रधानमंत्री मोदी के जिले में आगमन की तैयारी जोरों पर हैं। बुधवार 24 अगस्त को वह अमृता अस्पताल का लोकार्पण करेंगे। सूत्रों के अनुसार पीएम मोदी मात्र सवा घंटे के कार्यक्रम में जिले के विकास का रोडमैप तय कर देंगे। पीएम मोदी के स्वागत तैयारियों में पूरा अमला जुटा है। कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की जा रही है। उनके आगमन के लिए संभावित रूट सुनिश्चित किए जा रहे हैं। विशेष सुरक्षा दल (एसपीजी) व अन्य सुरक्षा तंत्र पहरे के लिए कमर कस चुके हैं। इसके अलावा पीएम मोदी के आगमन पर निरीक्षण, रैली व संबोधन के पहलुओं पर तैयारियों का दौर आखिरी पड़ाव पर है। उधर, सूबे के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर मंगलवार शाम को जिले में पहुचेंगे। इससे पूर्व वह स्वयं हर तैयारी का जायजा लेने में जुटे हुए हैं।
देर शाम भाजपा कार्यालय में एकजुट हुए पदाधिकारियों ने की मंत्रणा
भारतीय जनता पार्टी के लिए पीएम का आगमन किसी त्योहार के आयोजन से कम नहीं। ऐसे में केंद्रीय राज्य मंत्री कृ्ष्णपाल गुर्जर सहित राज्य के कैबिनेट मंत्री व अन्य पदाधिकारी पीएम मोदी से मुलाकात के साथ ही अपने गुडवर्क गिनाने की तैयारी में हैं। इसके लिए भाजपा पदाधिकारी सेक्टर-15 स्थित भाजपा जिला कार्यालय में एकजुट हुए। भाजपा के जिला अध्यक्ष गोपाल शर्मा की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में पीएम मोदी के आगमन पर तैयारियों की चर्चा की गई। साथ ही आगामी पंचायत चुनाव को लेकर चर्चा जोरों पर रही। इस दौरान बड़खल विधायक सीमा त्रिखा, पलवल से दीपक मंगला, प्रवीण डागर, चरण सिंह तेवतिया, टेकचंद शर्मा, देवेंद्र चौधरी, सोहन पाल सिंह, जिला महामंत्री मूलचंद मित्तल और आरएन सिंह समेत अन्य मौजूद रहे।
सोमवार से जिले में धारा-144 लागू
फरीदाबाद। पीएम मोदी के कार्यक्रम से पहले सोमवार से जिले में धारा-144 लागू हो जाएगी। जिला मजिस्ट्रेट यशपाल ने बताया कि प्रधानमंत्री बुधवार को सेक्टर-88, ग्रेटर फरीदाबाद में अमृता अस्पताल के उद्घाटन समारोह में शिरकत करेंगे। ऐसे में जिले में कड़ी सुरक्षा रहेगी। पीएम की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिले में धारा-144 लागू की गई है जो बुधवार तक जारी रहेगी। इस दौरान ड्रोन कैमरे, ग्लाइडर की उड़ान पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगी। इसके अलावा सेक्टर-88 ग्रेटर फरीदाबाद स्थित अमृता अस्पताल के लगभग दो किमी के दायरे में निर्माण कार्य पूरी तरह से बंद रहेगा। हालांकि कार्यक्रम आयोजन से संबंधित काम जारी रहेंगे। साथ ही धर्मशाला, होटल, में रहने वाले लोगों व किराएदारों का पहचान पत्र व विवरण लेना अनिवार्य होगा। सभी साइबर कैफे, होटल, गेस्ट हाऊस, पीजी, धर्मशाला, अस्पताल के मालिकों को सीसीटीवी लगवाने और उसकी रिकॉर्डिंग कम से कम 30 दिन तक सुरक्षित करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं सभी विदेशी नागरिकों को सी-फॉर्म भरने और आईडी सुनिश्चित करना होगा। इसके साथ ही दुकानदारों को पुराने मोबाइल खरीदने और बेचने वालों के रिकॉर्ड रखने के निर्देश दिए गए हैं।