नोएडा (संवाद)। जिले के खिलाड़ी मंडलस्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए मंगलवार को मेरठ गए। प्रतियोगिता बागपत रोड स्थित विद्या विश्वविद्यालय में हो रही है। प्रतियोगिता के पहले दिन 10 मार्च को एथलेटिक्स, भारोत्तोलन, जूडो, बैडमिंटन और कुश्ती (बालक-बालिका वर्ग) के मुकाबले हुए। इसके अलावा 11 मार्च को बालक वर्ग में वॉलीबॉल, कबड्डी और फुटबॉल के मैच खेले जाएंगे। विभाग की ओर से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ी 12 मार्च को लौटेंगे। बुधवार को सभी स्पर्धाओं के विजेताओं की घोषणा की जाएगी। इस संबंध में जिला युवा कल्याण अधिकारी एमपी सिंह ने बताया कि मंडल स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा।