नोएडा (संवाद)। गौतम बुद्ध नगर जिला ताइक्वांडो एसोसिएशन की ओर से सेक्टर-49 स्थित नागर कम्युनिटी सेंटर में गौतम बुद्ध नगर जिला ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026 का आयोजन किया गया। 25 जुलाई को हुई इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न स्कूलों और अकादमियों के करीब 200 खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में फ्रेशर्स, सब जूनियर, कैडेट, जूनियर और सीनियर वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने अलग-अलग भार वर्गों में मुकाबले खेले। विभिन्न वर्गों में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों ने उत्तर प्रदेश राज्य ताइक्वांडो चैंपियनशिप के लिए अपना स्थान पक्का किया। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 30 जुलाई से 2 अगस्त तक लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित की जाएगी। जिला ताइक्वांडो एसोसिएशन के सचिव उमेश यति ने बताया कि जिला ताइक्वांडो चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक विजेताओं का चयन उत्तर प्रदेश राज्य ताइक्वांडो चैंपियनशिप के लिए किया गया है। लखनऊ में आयोजित इस चैंपियनशिप में जिले के 40 खिलाड़ी गौतम बुद्ध नगर टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।