यमुना सिटी(संवाद)।
सेक्टर-22डी स्थित प्राधिकरण की हाईराइज सोसाइटी में शनिवार को एम टावर के बाहरी हिस्से का प्लास्टर टूटकर सोसाइटी परिसर में गिर गया। गनीमत रही कि घटना के समय वहां कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी को चोट नहीं लगी। निवासियों का कहना है कि पहले भी कई बार इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन संबंधित अधिकारियों की ओर से अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है। सोसाइटी निवासी समर्पित आर्या और मुकेश ने बताया कि इमारत के बाहरी हिस्से से प्लास्टर टूटकर गिरने की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। सोसाइटी परिसर में दिनभर लोगों का आना-जाना लगा रहता है। निवासी यहां टहलते हैं, बच्चे खेलते हैं और वाहन भी खड़े रहते हैं। ऐसे में यदि किसी समय ऊपर से प्लास्टर का बड़ा हिस्सा गिरता है तो कोई गंभीर हादसा हो सकता है। उनका कहना है कि बार-बार प्लास्टर टूटकर गिरना इमारत के रखरखाव और सुरक्षा की जांच की जरूरत को दर्शाता है। निवासियों ने संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि सोसाइटी इमारतों की तकनीकी जांच कराई जाए।