22डी सोसाइटी में लगा कूड़े का ढ़ेर
यमुना सिटी (संवाद)। यमुना सिटी के 22डी सोसाइटी में सफाई व्यवस्था बदहाल होने से निवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नियमित सफाई न होने से सोसाइटी में गंदगी बढ़ती जा रही है। दुर्गंध के साथ-साथ बीमारियां फैलने की आशंका भी बढ़ गई है। निवासियों का कहना है कि सफाई कर्मी नियमित रूप से नहीं आते। सेक्टर-22डी वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश त्रिपाठी ने बताया कि सोसायटी में सफाई कर्मी कभी-कभार ही आते हैं और नियमित रूप से सफाई नहीं कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि अपनी मांगों को लेकर निवासी पहले ही यमुना प्राधिकरण कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर चुके हैं। उस दौरान अधिकारियों ने सभी समस्याओं का जल्द और स्थायी समाधान कराने का आश्वासन दिया था लेकिन अब तक विशेष सुधार देखने को नहीं मिला है।