ग्रेटर नोएडा। परी चौक मेट्रो स्टेशन पर मंगलवार को एस्केलेटर में कुर्ता फंसने से एक बुजुर्ग यात्री हादसे का शिकार होते-होते बच गए। यूपीएसएसएफ के जवानों की तत्परता और सूझबूझ से उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बुजुर्ग की पहचान दादरी के रामगढ़ गांव निवासी रिछपाल (62) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार रिछपाल एस्केलेटर नंबर-दो से नीचे उतर रहे थे। तभी उनका कुर्ता एस्केलेटर में फंस गया और वह असंतुलित होकर गिर पड़े। पीछे आ रहे अन्य यात्री भी उनके ऊपर गिरने लगे। इससे स्टेशन पर अफरातफरी मच गई। सीसीटीवी ड्यूटी पर तैनात आरक्षी विकास भाटी और पाली प्रभारी उपनिरीक्षक वरुण कुमार ने तत्काल एस्केलेटर बंद कराया। इसके बाद उसे विपरीत दिशा में चलाकर बुजुर्ग का कुर्ता निकाला और उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। रिछपाल ने जवानों का आभार जताया। ब्यूरो