ग्रेनो वेस्ट (संवाद)। ग्रेटर नोएडा वेस्ट को मेट्रो से जोड़ने की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन को पुलिस से अनुमति मिल गई है। मेट्रो कनेक्टिविटी मूवमेंट के संयोजक अमिताभ मोदी के नेतृत्व में कोर कमेटी ने एसीपी बिसरख कमलेश कान्त वर्मा से मुलाकात कर आंदोलन का अनुमति पत्र सौंपा। करीब 20 मिनट की बैठक में मांगों पर चर्चा के बाद पुलिस ने चार मूर्ति से एक मूर्ति चौक के बीच शांतिपूर्ण आंदोलन की अनुमति दी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग का आश्वासन भी दिया गया। संयोजक ने बताया कि मेट्रो प्रस्ताव केंद्र के विचाराधीन है और 15 अक्टूबर तक निर्णय की उम्मीद है। निर्णय नहीं होने पर आंदोलन चरणबद्ध शुरू होगा।