ग्रेटर नोएडा (संवाद)। ग्रेनो वेस्ट के पुराने हैबतपुर में जर्जर सड़क के कारण स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर कई जगह गड्ढे बने हुए हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को आने-जाने में दिक्कत होती है। बारिश के दौरान सड़क पर पानी भर जाने से लोगों की परेशानी और बढ़ जाती है। निवासी राम प्रकाश सिंह ने बताया कि सड़क लंबे समय से खराब हालत में है। कई जगह सड़क टूटने और गड्ढे होने के कारण लोगों को संभलकर निकलना पड़ता है। उन्होंने कहा कि बारिश होने पर गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे सड़क की स्थिति का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो जाता है।