-दिल्ली सरकार ने हैप्पीनेस क्लास चैनल लांच कर की व्यवस्था
-यू-ट्यूब पर बुधवार शाम और रविवार को सुबह होगा प्रसारण
-स्कूली बच्चों को काबिल बनाने के प्रयास में जुटी है सरकार-आतिशी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली के शिक्षा मॉडल से अब देश और दुनिया के लोग भी रूबरू होंगे। सरकार ने निर्णय लिया है कि हैप्पीनेस करिकुलम के वीडियो सीरीज को यूट्यूब चैनल पर लाइव किया जाए। यूट्यूब चैनल https://www.youtube.com/HappinessDoEDelhi पर इसका प्रसारण हर बुधवार को शाम 7:30 बजे और हर रविवार को सुबह 9 बजे ‘जीवन विद्या-जीवन जीने का एक तरीका’ का किया जाए। यह पहल नवनियुक्त शिक्षा मंत्री आतिशी ने की है।
दिल्ली सरकार का शिक्षा विभाग 36 एपिसोड की इस सीरीज के माध्यम से जीवन का मकसद और उस मकसद की प्राप्ति में शिक्षा की भूमिका को पूरी दुनिया के साथ सांझा करेगा। इसे विश्व के टॉप विश्वविद्यालयों व संस्थानों के साथ भी साझा किया जाएगा और उनके विचारों को इसमें शामिल किया जाएगा। इस मौके पर शिक्षा मंत्री आतिशी ने कहा कि कम समय में टीम एजुकेशन ने हैप्पीनेस करिकुलम तैयार किया है। जीवन जीने के इस दर्शन को सहजता के साथ देश-विदेश में लोगों तक पहुंचाने की पहल इस माध्यम से की गई है। ‘भारत के एजुकेशन सिस्टम में हमेशा ज्ञान और कौशल की बात हुई लेकिन मूल्य शिक्षा इसके बीच कहीं दबकर रह गई।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के विजन और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के नेतृत्व में दिल्ली सरकार के स्कूलों में बच्चों को काबिल बनाने के साथ-साथ उन्हें अच्छा इंसान बनाने के लिए हैप्पीनेस माइंडसेट करिकुलम, आंत्रप्रेन्योर माइंडसेट करिकुलम व देशभक्ति करिकुलम की शुरुआत की है। इन सबका उद्देश्य शिक्षा के माध्यम से जीवन के मूल उद्देश्यों को समझना है। शिक्षा निदेशक हिमांशु गुप्ता ने कहा कि इन तीनों करिकुलम को और व्यापक बनाने की दिशा में टीम एजुकेशन काम कर रही है।