बीसलपुर। एडीएम ने शनिवार को बुखार प्रभावित गांव रसिया खानपुर का दौरा किया। उन्होंने पीड़ितों का बेहतर ढंग से इलाज कराने के निर्देश दिए।
गंदगी के चलते डेढ़ सप्ताह पूर्व बुखार ने पैर पसार लिए थे। बुखार के चपेट में आकर चार लोगों की मौत हो गई थी और दो सौ से अधिक लोग बीमार हो गए थे। अपर जिलाधिकारी ऋतु पुनिया ने शनिवार को गांव का दौरा किया। पता चला कि गांव की सफाई व्यवस्था काफी हद तक सुधर गई है। उन्होंने सफाई व्यवस्था और बेहतर करने के संबंध में ग्राम पंचायत अधिकारी जाकिर अली को कड़े निर्देश दिए। अपर जिलाधिकारी को गांव में स्वास्थ्य विभाग का शिविर लगा हुआ मिला। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. लेखराज गंगवार को निर्देश दिया कि जब तक गांव के सभी लोग बुखार से ठीक न हो जाएं तब तक नियमित रूप से शिविर लगाया जाए। साथ में मौजूद एसडीम नागेंद्र पांडेय को सतर्क नजर रखने के निर्देश दिए। एसडीएम ने बताया कि गांव की स्थिति पहले से काफी बेहतर है। संवाद