नित्थर के चेबड़ी गांव में बरसात से क्षतिग्रस्त हुआ ट्रांसफार्मर नहीं हो रहा दुरुस्त। संवाद
बरसात से क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर नहीं हुआ दुरुस्त
स्टाफ की कमी की मार भी झेल रहे ग्रामीण
एक लाइनमैन के हवाले 12 ट्रांसफार्मर का जिम्मा
संवाद न्यूज एजेंसी
नित्थर (कुल्लू)। भारी बरसात के दौरान चेबड़ी गांव के दो सौ घरों को रोशन करने वाला ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गया था। यह ट्रांसफार्मर अभी तक दुरुस्त नहीं किया गया है। इस कारण क्षेत्र के सैकड़ों लोग लो वोल्टेज की समस्या से परेशान हैं। क्षतिग्रस्त हुए ट्रांसफार्मर की बिजली बोर्ड कोई सुध नहीं ले रहा है। बारिश के कारण ट्रांसफार्मर के नीचे का डंगा ढह गया था। विद्युत बोर्ड के कर्मियों के साथ मिलकर चेबड़ी गांव के ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर को गिरने से बचाया और रस्सियों से बांधकर खड़ा किया। यह रस्सियां अभी भी लगी हुई हैं, लेकिन बोर्ड ने अभी तक नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया है। इसके कारण रोजाना लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। चंद्रपॉल शर्मा, पोविंदर शर्मा, हरीश ठाकुर, संदेशा नंद शर्मा, दीप कुमार, मुकेश शर्मा, कीमत राम शर्मा, बलबीर सिंह और कपिल शर्मा सहित अन्य ग्रामीणों ने कहा कि लो वोल्टेज की समस्या बढ़ गई है। वोल्टेज इतनी कम है कि इंडक्शन चूल्हा भी नहीं चल रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि विद्युत बोर्ड नित्थर में स्टाफ की कमी है। एक लाइनमैन के सहारे 12 से ज्यादा ट्रांसफार्मर का जिम्मा है। यदि नित्थर क्षेत्र में शाम 5:00 बजे बिजली चली जाती है, तो कई घंटों तक ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। बिजली आपूर्ति बहाल न होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई और ग्रामीणों के रोजमर्रा के कार्य प्रभावित होते हैं। उन्होंने सरकार, प्रशासन और बोर्ड से शीघ्र समस्या का समाधान करने की मांग उठाई है। बिजली बोर्ड आनी के अधिशासी अभियंता पीसी हरनोट ने कहा कि ट्रांसफार्मर के लिए एस्टीमेट उच्च अधिकारियों को भेजा गया है। उम्मीद है कि इसका कार्य जल्द शुरू हो जाएगा। सहायक अभियंता विद्युत बोर्ड नित्थर का डेपुटेशन आनी के लिए लगा है। इससे दिक्कतें पेश आ रही हैं।