फोटो
ग्रेटर नोएडा (संवाद)। सेक्टर डेल्टा-1 स्थित पाम पार्क में पाथवे पर लगे ग्रेनाइट पत्थर लोगों के लिए मुसीबत बने हुए हैं। गीले पैरों और जूतों के कारण सुबह टहलने आने वाले लोग फिसलकर गिर रहे हैं। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष प्रमोद भाटी के अनुसार, अब तक कई लोग हादसों का शिकार हो चुके हैं। इनमें बुजुर्ग भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि एफ-1 निवासी गुप्ता जी का पैर फिसलने से टूट गया था। उन्हें करीब आठ महीने तक बिस्तर पर रहना पड़ा। आरडब्ल्यूए कई वर्षों से ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में शिकायत कर रही है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। उद्यान विभाग से मांग की गई है कि ग्रेनाइट पत्थर बदलकर सुरक्षित सतह लगाई जाए या उसे घिसकर फिसलन कम की जाए, ताकि पार्क में आने वाले लोगों को हादसों से बचाया जा सके।