ग्रेटर नोएडा (संवाद)। वर्ष 2025-26 में सामान्य वर्ग के 255 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति और फीस प्रतिपूर्ति की राशि मिलने का रास्ता साफ हो गया है। लंबित आवेदनों पर विचार के लिए शासन ने तीन दिन के लिए पोर्टल खोला है। इसके बाद समाज कल्याण विभाग ने आवेदनों की जांच और सत्यापन शुरू कर दिया है। पिछले वर्ष विभिन्न कक्षाओं के इन विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति और फीस प्रतिपूर्ति का भुगतान नहीं हो पाया था। आवेदन लंबित होने के कारण विद्यार्थी इस वर्ष भी छात्रवृत्ति के लिए आवेदन नहीं कर पा रहे थे। लंबे समय से विद्यार्थी समस्या के समाधान के लिए विभाग के चक्कर लगा रहे थे। जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि पोर्टल खुलने के बाद लंबित आवेदनों पर नियमानुसार विचार किया जा रहा है। सत्यापन में पात्र पाए जाने वाले विद्यार्थियों को जल्द छात्रवृत्ति और फीस प्रतिपूर्ति की राशि भेजी जाएगी।