बिलासपुर (संवाद)। सिकंदराबाद रोड स्थित पेट्रोल पंप के पीछे शुक्रवार को एक मकान में सांप निकलने से परिवार में अफरा-तफरी मच गई। घर में सांप देखकर चिराग और उनके परिजन दहशत में आ गए। उन्होंने तत्काल 112 नंबर पर फोन कर पुलिस से मदद मांगी। सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और घर में छिपे सांप को बाहर निकालने का प्रयास किया। पुलिस ने फॉरेट दवा का छिड़काव कराया, जिसके बाद सांप बाहर निकलकर खरपतवार की ओर भागने लगा। इस दौरान स्थानीय निवासियों ने भी पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर सांप को घर से बाहर निकालने में मदद की। घटना के बाद परिवार ने राहत की सांस ली।