नोएडा(संवाद)। शहर के सेक्टर-62 स्थित श्री विनायक एवं श्री कार्तिकेय मंदिर में शनिवार को यजुर्वेद उपाकर्म का आयोजन किया गया। वैदिक प्रचार संस्थान के सदस्य एस वेंकटेस ने बताया, यह पर्व दक्षिण भारत में आवणी माह और अवित्तम नक्षत्र के दिन मनाया जाता है। इस अवसर पर भारी वर्षा के बावजूद बड़ी संख्या में भक्त मंदिर पहुंचे और विधिवत ‘जनेऊ’ परिवर्तन किया। कार्यक्रम का संचालन वेदिक प्रचार संस्थान के आस्थाना पुजारी ब्रह्मश्री श्रीराम ने किया। इस मौके पर वरिष्ठ सदस्य सीए. सुब्रमण्यम के साथ मिलकर ब्रह्मश्री श्रीराम ने यजुर्वेद उपाकर्म के महत्व पर प्रकाश डाला और सभी भक्तों से दिन में तीन बार संध्या वंदनम् करने का आग्रह किया। आयोजन का समापन महा दीपाराधना व प्रसाद वितरण के साथ हुआ।