नोएडा(संवाद)। सेक्टर 24 स्थित फुटवियर डिजाइन एंड डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट (एफडीडीआई) की ओर से केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा (सीबीएसई) के सहयोग से शुक्रवार को कौशल आधारित प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्कूलों के प्रधानाचार्य, शिक्षक और करियर परामर्शदाताओं का समागम हुआ। इसमें सीबीएसई के निदेशक (कौशल शिक्षा) डॉ. विश्वजीत साहा बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे, जिन्होंने इस विषय पर एक सारगर्भित व्याख्यान दिया। उन्होंने कौशल-आधारित शिक्षा की बढ़ती आवश्यकता पर जोर दिया और बताया कि कैसे फुटवियर, फ़ैशन डिज़ाइन, चमड़े के सामान और खुदरा प्रबंधन में एफडीडीआई के विशेष पाठ्यक्रम छात्रों और शिक्षकों दोनों के लिए एक परिवर्तनकारी संसाधन के रूप में काम कर सकते हैं। इस मौके पर एफडीडीआई नोएडा की निदेशक मंजू मन समेत अन्य लोग मौजूद रहे।