मेरठ मंडल के ट्रायल में दिखाएंगी प्रतिभा, सफल खिलाड़ियों को मिलेगा राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में मौका
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। सेक्टर-141 स्थित विजय स्पोर्ट्स अकादमी में शनिवार को आयोजित सब जूनियर बालिका जिम्नास्टिक के जिला स्तरीय चयन ट्रायल में पांच खिलाड़ियों का चयन मेरठ मंडल स्तरीय ट्रायल के लिए किया गया। ट्रायल में गौतमबुद्धनगर की आठ बालिका खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। चयनित खिलाड़ियों में वान्या, अश्विका रैना, मायरा, अद्रिता और शिवेहा शामिल हैं। ये खिलाड़ी 16 नवंबर को मेरठ के कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में होने वाले मंडलीय ट्रायल में हिस्सा लेंगी। प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी डॉ. परवेज अली ने बताया कि मंडलीय ट्रायल में सफल खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। राज्य स्तरीय सब जूनियर जिम्नास्टिक प्रतियोगिता 24 से 26 नवंबर तक आगरा स्थित क्षेत्रीय खेल कार्यालय में आयोजित होगी। इसमें एक जनवरी 2012 या उसके बाद जन्मे खिलाड़ी ही हिस्सा ले सकेंगे।