-एम्स ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी में लंबे समय से दुकानों को हटाने की मांग कर रहे थे निवासी
ग्रेटर नोएडा (संवाद)। ग्रेनो वेस्ट स्थित एम्स ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी में बनी अवैध दुकानों को हटाने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने कार्रवाई के आदेश दिए हैं। इससे सोसाइटी के निवासियों में खुशी है। निवासी लंबे समय से परिसर में नियमों के खिलाफ बनाई गई दुकानों को हटाने की मांग कर रहे थे। एम्स ग्रीन एवेन्यू वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष एके कौशिक ने बताया कि दुकानों को हटाने के लिए एसोसिएशन की ओर से काफी समय से प्राधिकरण में शिकायत की जा रही थी। उनका कहना है कि सोसाइटी परिसर में नियमों के खिलाफ बनी दुकानों से निवासियों को परेशानी हो रही थी। एसोसिएशन और निवासी लगातार इन दुकानों को हटाने की मांग कर रहे थे। शिकायतों के बाद प्राधिकरण ने अब अवैध दुकानों के खिलाफ कार्रवाई करने का आदेश दिया है। निवासियों को उम्मीद है कि जल्द ही दुकानों को हटाया जाएगा और परिसर की व्यवस्थाएं बेहतर होंगी। लोगों ने प्राधिकरण के फैसले का स्वागत करते हुए इसे उनकी लंबे समय से चली आ रही मांग की दिशा में अहम कदम बताया है।