- 15 गांवों के लोगों ने बैठक कर आंदोलन की चेतावनी दी, सोमवार को प्राधिकरण को सौंपेंगे ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। रिठौरी गांव स्थित किसान मजदूर आदर्श इंटर कॉलेज में शनिवार को क्षेत्र के 15 गांवों के लोगों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण द्वारा कॉलेज की अधिग्रहण मुक्त जमीन को फैक्ट्री निर्माण के लिए आवंटित किए जाने का विरोध किया गया। ग्रामीणों ने निर्णय लिया कि सोमवार को प्राधिकरण को ज्ञापन देकर अपना विरोध दर्ज कराया जाएगा। बैठक में रायपुर, रिठौरी, समाधिपुर, डाबरा, रामपुर, मायचा, चक्रपुर, कैमराला और भोगपुर समेत आसपास के गांवों के लोग शामिल हुए। ग्रामीणों का कहना था कि कॉलेज की जमीन शिक्षा और सामाजिक कार्यों के लिए सुरक्षित है, ऐसे में वहां फैक्ट्री निर्माण कराया जाना उचित नहीं है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्य नहीं रोका गया तो क्षेत्रवासी मौके पर पहुंचकर काम बंद कराएंगे और अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करेंगे। बैठक में कॉलेज प्रबंधक विदेश भाटी, पूर्व एसडीएम रामचंद्र वर्मा, राजेंद्र प्रधान, सुबेराम नेताजी, विशन प्रधान, कुलदीप प्रधान, शाहमल पहलवान, दिनेश भाटी, महेश गुप्ता, सचिन शर्मा, अजय प्रधान, विजयपाल, सुशील भाटी, ओमवीर भाटी समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।