ग्रेटर नोएडा (संवाद)। सेक्टर-37 स्थित जोनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के मौजूदा स्वरूप में बदलाव कर हॉकी स्टेडियम बनाए जाने की प्रस्तावित योजना का क्षेत्रीय खेल परिसर बचाओ समिति लगातार विरोध कर रही है। समिति का कहना है कि यह मैदान शहर का एकमात्र निशुल्क मल्टी स्पोर्ट्स अभ्यास स्थल है, जहां सेना और पुलिस भर्ती की तैयारी करने वाले युवा भी अभ्यास करते हैं। समिति ने मांग की है कि खेल परिसर की यथास्थिति बनाए रखी जाए और हॉकी स्टेडियम के लिए वैकल्पिक स्थान तलाशा जाए। समिति सदस्य सतेंद्र नागर के अनुसार जनप्रतिनिधियों का समर्थन भी मिल रहा है। एमएलसी एवं पूर्व मंत्री नरेंद्र भाटी, दादरी विधायक तेजपाल नागर और राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर ने भी प्राधिकरण से वैकल्पिक स्थान पर विचार करने की बात कही है। वहीं कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने मामले को मुख्यमंत्री के समक्ष रखने का आश्वासन दिया है।