ग्रेटर नोएडा (संवाद)। ग्रेनो वेस्ट के सेक्टर-16बी और गौड़ सिटी-2 के आसपास नाला खुला हुआ है। इन खुले नालों की वजह से हादसा होने का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों को आशंका है कि राह चलते लोग नाले में गिर सकते है। हर समय बड़ा हादसा होने का खतरा रहता है। निवासी संदीप कुमार ने बताया कि सेक्टर-16बी और गौड़ सिटी-2 के पास कई जगह नाले खुले हैं। इनसे लोगों को हर समय दुर्घटना का डर बना रहता है। उन्होंने कहा कि बच्चों और पैदल आने-जाने वाले लोगों के लिए यह खुले नाले खतरा बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि अगर समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो कोई गंभीर हादसा हो सकता है। निवासियों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि खुले नालों को जल्द से जल्द ढका जाए और जब तक स्थायी समाधान नहीं होता, तब तक इनके आसपास बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेत लगाए जाएं, जिससे किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।