नए साल के जश्न में 100 से अधिक लोग नहीं हो पाएंगे शामिल
नोएडा। पुलिस नए साल पर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी ड्रोन कैमरों से करेगी। जश्न के लिए आयोजनों में 100 से अधिक लोग हिस्सा नहीं ले पाएंगे। कोविड-19 प्रोटोकॉल का उल्लंघन करने वालों से खिलाफ पुलिस सख्ती से निपटेगी। यह बातें रविवार को पुलिस आयुक्त आलोक सिंह ने कही। उन्होंने कहा कि कोरोना का खतरा अभी टला नहीं है। ऐसे में लोग घर में रहकर जश्न मनाएं। किसी भी कार्यक्रम में 100 से अधिक लोगों के शामिल होने की अनुमति नहीं है। आयोजन में भी सामाजिक दूरी, मास्क, थर्मल स्कैनिंग और सैनिटाइजेशन की व्यवस्था करनी होगी। कार्यक्रमों के लिए संबंधित डीसीपी से अनुमति लेनी होगी। बंद हाल में क्षमता से 50 फीसदी और एक बार में अधिकतम 100 व्यक्ति ही शामिल हो सकेंगे। डीजे एवं साउंड सिस्टम के प्रयोग में न्यायालय के आदेशों का पालन करना होगा। कोविड-19 प्रोटोकॉल का अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए संवेदनशील स्थलों पर ड्रोन कैमरे से भी निगरानी की जाएगी।