सौंदर्यीकरण के लिए बंद होगी एक लेन, जारी होगी एडवाइजरी
नोएडा। दिल्ली से नोएडा के बीच सेक्टर-14ए स्थित शहर के प्रवेश द्वार के सौंदर्यीकरण का काम करने के लिए आने वाले दिनों में रविवार को एक-एक लेन ट्रैफिक के लिए बंद की जाएगी। किस रविवार को लेन बंद की जाएगी, इसे लेकर पहले एडवाइजरी जारी की जाएगी।
प्रवेश द्वार की साइड में शटरिंग लगाने से अभी ज्यादा यातायात प्रभावित नहीं हो रहा है। नोएडा प्राधिकरण की पहले योजना थी कि पहले चरण में नोएडा से दिल्ली जाने वाले रास्ते पर काम होगा, लेकिन अब दोनों तरफ से काम एक साथ शुरू किया गया है। इसकी वजह यह है कि यातायात पुलिस ने स्थायी तौर पर ट्रैफिक के लिए बीच की एक लेन बंद करने की इजाजत नहीं दी। इसके अलावा डिवाइडर पर भी शटरिंग लगाई गई है। अधिकारियों ने बताया कि बीचों-बीचों काम करने के लिए पांच फीट हिस्से में सड़क की एक लेन बंद करने की जरूरत पड़ेगी। नोएडा से दिल्ली आने-जाने वाले रास्ते पर यह काम एक-एक दिन में पूरा कर लिया जाएगा। ब्यूरो