- स्थापित किए जाएंगे स्किल डेवलेपमेंट सेंटर, फिल्म मेकिंग, डिजिटल टेक सहित विभिन्न भाषाओं का दिया जाएगा प्रशिक्षण
- बिजली की होगी बचत सौर ऊर्जा पर आधारित होंगे स्टूडियो, वातावरण को नियंत्रण करने की भी होगी सुविधा
- लोगों के मनोरंजन के लिए विकसित किए जाएंगे फिल्मों पर आधारित थीम पार्क व शॉपिंग सेंटर
सीएल मौर्य
ग्रेटर नोएडा। यीडा सिटी में बनने वाली अंतरराष्ट्रीय फिल्म सिटी से एक लाख रोजगार के अवसर पैदा होने का दावा किया गया है। लोगों को फिल्म इंडस्ट्री की जरूरतों के मुताबिक तैयार करने के लिए उन्हें प्रशिक्षण देकर कुशल बनाया जाएगा। इसके लिए स्किल डवलपमेंट सेंटर स्थापित किए जाएंगे। साथ ही स्थानीय उद्यमियों के लिए भी काम के नए अवसर पैदा होंगे। वहीं, बिजली की बचत के लिए सभी स्टूडियो सौर ऊर्जा पर आधारित होंगे। यानी फिल्म सिटी सौर ऊर्जा से भी जगमग होगी। इस महत्वाकांक्षी परियोजना की विकासकर्ता कंपनी ने कुछ ऐसा ही लेआउट प्लान तैयार किया है। इससे संबंधित प्रस्तुतिकरण शासन व यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों के समक्ष दिया गया है।
यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के सेक्टर-21 में अंतरराष्ट्रीय फिल्म सिटी के लिए 1000 एकड़ जमीन आरक्षित की गई है। इसका प्रथम चरण 230 एकड़ में विकसित किया जाना है। इसके लिए मेसर्स बेव्यू प्रोजेक्ट्स एलएलपी (बोनी कपूर की कंपनी) व भूटानी ग्रुप को विकासकर्ता कंपनी के रूप में चयनित किया गया है। कंपनी ने फिल्म सिटी को विकसित करने का पूरा लेआउट प्लान तैयार कर लिया है।
अंतरराष्ट्रीय फिल्म सिटी से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से एक लाख लोगों को रोजगार मिलने की बात कही गई है। लोगों को प्रशिक्षण देकर कुशल कार्यबल तैयार करने की योजना है। इसके लिए आधुनिक तकनीक से युक्त स्किल डेवलपमेंट सेंटर खोले जाएंगे। जहां फिल्म मेकिंग, डिजिटल टेक, एडिटिंग, मेकअप सहित विभिन्न भाषाओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा। दरअसल फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े विभिन्न सेक्टरों में बड़ी संख्या में कुशल कार्यबल की जरूरत पड़ेगी। फिल्म सिटी के प्रथम चरण का निर्माण कार्य तीन साल में पूरा किया जाना है, लेकिन इससे जुड़ी तैयारियां अभी से शुरू कर दी गई हैं।
-
सौर ऊर्जा पर आधारित होंगे स्टूडियो, बिजली की होगी बचत
देश में बिजली की बढ़ती मांग को देखते हुए आपूर्ति का संकट बढ़ता जा रहा है। इससे निपटने के लिए सरकार वैकल्पिक ऊर्जा के रूप में सौर ऊर्जा पर जोर दे रही है। यीडा के सेक्टर-21 में विकसित होने वाली फिल्म सिटी में इसका असर देखने को मिलेगा। यहां बनने वाले सभी स्टूडियो सौर ऊर्जा पर आधारित होंगे। स्टूडियो की पूरी छत पर सोलर पैनल लगाए जाएंगे। साथ ही स्टूडियो वातावरण को नियंत्रण करने वाले भी होंगे।
-
थीम आधारित पार्क किए जाएंगे विकसित
फिल्म सिटी में घूमने के लिए आने वाले लोग अपने परिवार और दोस्तों के साथ कुछ अच्छा समय बिता सकें, इसके लिए फिल्मों पर आधारित थीम पार्क विकसित किए जाएंगे। यहां खरीदारी करने के लिए शॉपिंग सेंटर भी बनाए जाएंगे।
अयोध्या- वाराणसी के घाट भी होंगे
फिल्म सिटी में देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों के साथ-साथ अयोध्या और वाराणसी के घाटाें के सेट भी बनाए जाएंगे। ऐसे में फिल्म निर्माताओं को शूटिंग के लिए अलग-अलग जगहों पर नहीं जाना पड़ेगा।
-
पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा आगरा और मथुरा को होगा विशेष फायदा
फिल्म सिटी बनने से गौतमबुद्धनगर और आसपास के जिलों में पर्यटन की संभावनाएं बढ़ जाएंगी। इसका सबसे ज्यादा फायदा आगरा और मथुरा को होगा। यहां आने वाले देशी-विदेशी मेहमान और फिल्मी सितारे आगरा स्थित ताजमहल के दीदार और मथुरा व वृंदावन में धार्मिक स्थलों के दर्शन करने जरूर जाना चाहेंगे।
फिल्म सिटी बनने से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। विकासकर्ता कंपनी की ओर से एक लाख लोगों को रोजगार मिलने की बात कही गई है। कुशल कार्यबल तैयार करने के लिए स्किल डेवलपमेंट सेंटर स्थापित किए जाएंगे। -डॉ. अरुणवीर सिंह, सीईओ यमुना प्राधिकरण