ठगों ने https://ddaflat.org.in/ नाम से बनाई थी फर्जी वेबसाइट
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। यदि आप गूगल की मदद से किसी वेबसाइट को सर्च कर रहे हैं तो जरा सावधान हो जाएं। कहीं ऐसा न हो कि गूगल पर वेबसाइट सर्च करने के चक्कर में आप ठगों के जाल में फंस जाओ। गाजियाबाद के सुनील सिंह तोमर (42) के साथ कुछ ऐसा ही हुआ। वे डीडीए फ्लैट के लिए गूगल पर वेबसाइट खोज रहे थे। इस दौरान उन्होंने https://ddaflat.org.in/ वेबसाइट पर फ्लैट के लिए आखिरी तारीख एक अप्रैल 2023 दिखी। पीड़ित ने वेबसाइट पर दिए गए दिशानिर्देशों का पालन कर जानकारी दे दी। इसके बाद फीस के नाम पर उनसे दो बार में एक लाख रुपये ठग लिए गए। इसके बाद भी आरोपी 5.50 लाख रुपये मांगने लगे तो पीड़ित को ठगी का अहसास हो गया। जांच के बाद उत्तरी जिला के साइबर थाना पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया। पुलिस के मुताबिक, सुनील शालीमार गार्डन, गाजियाबाद में रहते हैं। पीड़ित ने वेबसाइट पर अपनी जानकारी अपलोड करने के बाद यूआईडी और पासवर्ड बनाकर फ्लैट के लिए अप्लाई कर दिया। इसके बाद फ्लैट बुक कराने के लिए ठगों ने उनसे एक लाख रुपये मांगे और वेबसाइट पर एक क्यूआर कोड भेज दिया। पीड़ित ने क्यूआर कोड की मदद से 75 हजार व 25 हजार रुपये का भुगतान कर दिया।