जिले में कोरोना से एक मौत, नौ नए मामले
22 लोगों ने दी कोरोना को मात, 77 सक्रिय मामले दर्ज
नोएडा। जिला स्वास्थ्य विभाग ने जिले में कोरोना से एक मौत की पुष्टि की है। श्वसन तंत्र फेल होने 85 वर्षीय कोरोना संक्रमित की निजी अस्पताल में मौत हो गई। जिले में कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या अब 494 हो गई है। वहीं, विभाग ने बुधवार को नौ नए मरीजों की पुष्टि की है।
विभाग के पब्लिक हेल्थ एक्सपर्ट डॉ. अमित कुमार ने बताया कि कोरोना संक्रमित जिस बुजुर्ग की मौत हुई है उन्हें पहले से डिमेंसिया और किडनी की बीमारी के साथ निमोनिया की शिकायत थी। तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल लाया गया था। कोविड जांच कराई गई तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई। मरीज का कोरोना वार्ड में उपचार चल रहा था, जहां उनकी मौत हो गई। पिछले एक महीने में तीन कोरोना संक्रमितों की मौत हो चुकी है। तीनों ही पुरानी बीमारियों से पीड़ित थे। उधर, बुधवार को 869 लोगों की कोरोना जांच हुई, जिसमें नौ की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या 22 दर्ज की गई। जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या घटकर 77 रह गई है। ब्यूरो