ग्रेटर नोएडा। शारदीय नवरात्रि पर्व से पहले खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की अलग-अलग टीमों ने ग्रेटर नोएडा, नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में खाद्य प्रतिष्ठानों पर दबिश दी। सात नमूने संग्रहित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे। प्रथम दृष्टया गुणवत्ता खराब, मिलावटी और गलत लेबलिंग वाला प्रतीत होने पर 90 किलोग्राम मूंगफली दाना, 33 किलोग्राम साबूदाना और 24.5 लीटर घी सीज किया गया। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार और विजय बहादुर पटेल की टीम ने इकोटेक-3 स्थित सेरेलेक प्राइवेट लिमिटेड की निर्माणशाला से गाय के घी का नमूना लिया। चिपियाना बुजुर्ग स्थित सोनू किराना स्टोर से व्रत के आटे और लाला जय सिंह किराना स्टोर से मूंगफली दाने का नमूना संग्रहित किया गया। लाला जय सिंह किराना स्टोर पर करीब 40 किलोग्राम मूंगफली दाना प्रथम दृष्टया खराब गुणवत्ता का प्रतीत होने पर सीज किया गया। ब्यूरो